Ranchi: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने देश में बढ़ते एलपीजी संकट, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता गैस सिलेंडर की किल्लत, बढ़ती कीमतों और आर्थिक संकट से जूझ रही है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर दिखाई दे रही है।
पिछले कुछ वर्षों में देश की जनता को बार-बार परेशानियों की लाइन में खड़ा होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी के समय लोग बैंकों के बाहर लाइन में खड़े थे, कोरोना काल में ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए लाइन लगी और अब एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए लोग लाइन में लगने को मजबूर हैं। यह केंद्र सरकार की नीतियों की विफलता को दिखाता है।
जनता ने बेरोजगारी और महंगाई का बोझ तथा महिलाओं के सम्मान पर लगातार हमले देखे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी परिस्थितियों को देश की जनता बहुत ध्यान से देख रही है और समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश में प्रेम, भाईचारे और संविधान की रक्षा की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी का संदेश स्पष्ट है कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है और देश को आपसी सद्भाव और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की नीतियों के कारण देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है और जनता लगातार संकटों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है और आने वाले समय में जनता तानाशाही प्रवृत्ति को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
