Ranchi: प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक दूबे ने वरिष्ठ नेता सरयू राय पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्यसभा चुनाव आने के साथ ही उनकी राजनीति से राजनैतिक सौदेबाजी और व्यक्तिगत स्वार्थ की स्पष्ट बू आ रही है। सरयू राय मूल्यों की राजनीति के पक्षधर रहे हैं और बहुत मुश्किल से चुनाव जीतकर आए हैं, लेकिन अब वे जनादेश का खुला अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे भारतीय जनता पार्टी के साथ थे, तब भी झारखंड की राजनीति को अस्थिर करने का काम करते रहे और आज भी उनकी वही भूमिका जारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में इंडिया गठबंधन को प्रचंड जनादेश प्राप्त हुआ है, लेकिन इसके बावजूद सरयू राय बैक डोर से भाजपा के इशारे पर एक बार फिर राज्य की स्थिर सरकार को अस्थिर करने की साजिश में लगे हुए हैं।
आलोक दूबे ने कहा कि झारखंड की जनता अब इस तरह की अवसरवादी और सौदेबाजी की राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है और ऐसे प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी जनादेश का सम्मान करते हुए विकास और स्थिरता की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा, जदयू और उनके अन्य सहयोगी दलों को एक ही पीड़ा है—किसी भी तरह से कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया जाए। लेकिन जनता के विश्वास और मजबूत जनादेश के सामने ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे और सरयू राय जी भी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएंगे।
