Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जामताड़ा मामले को लेकर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, राजनीति से प्रेरित और बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई विजन नहीं बचा है, इसलिए वह राज्य के लोकप्रिय मंत्रियों और गठबंधन सरकार की छवि बिगाड़ने के लिए झूठ की खेती कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि खास कर जब मंत्री इरफान अंसारी की बात आती है तो भाजपा हमेशा से स्वास्थ्य मंत्री पर हमलावर रहती है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जामताड़ा के मामले में जैसे ही अनियमितता की शिकायत मिली, विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। विभाग और जिला प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई और जांच के आदेश इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार किसी भी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं करती। भाजपा को बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में जब घोटाले होते थे, तो क्या कभी ऐसी त्वरित कार्रवाई हुई?

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपने क्षेत्र और राज्य की जनता के स्वास्थ्य के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। भाजपा स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की संवेदनशीलता और बेहतर कार्यों से बौखलाई हुई है, इसलिए वह एक अल्पसंख्यक नेतृत्व को निशाना बना रही है। मंत्री के संरक्षण की बात कहना केवल एक राजनीतिक प्रोपेगेंडा है ताकि मूल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के स्ट्रक्चर में जो खामियां हैं, वह केंद्र सरकार की देन हैं। हमारी सरकार तो उन खामियों को सुधार कर जनता तक लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांके कि कैसे केंद्र की योजनाओं का बंदरबांट उनके राज्यों में होता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि हम किसी भी प्रकार की निष्पक्ष जांच से नहीं डरते। हमारी सरकार पारदर्शिता में विश्वास रखती है। लेकिन भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह जांच चाहती है या केवल हवाबाजी कर सुर्खियां बटोरना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!