Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा द्वारा आयोजित जन आक्रोश रैली को महज एक राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस रैली में आम जनता की भागीदारी ही नहीं है, वह केवल लोगों का ध्यान भटकाने की एक चाल है।
उन्होंने कहा कि महिला आक्रोश मार्च जनता को गुमराह करने का एक असफल प्रयास है। भाजपा का यह आयोजन महिलाओं के उत्थान के लिए नहीं, बल्कि अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए रची गई एक सोची-समझी सियासी नौटंकी है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा जिस नारी शक्ति वंदन अधिनियम का ढिंढोरा पीट रही है, उसकी सच्चाई देश की महिलाएं समझ चुकी हैं। यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के प्रति गंभीर होती, तो आरक्षण को आज ही लागू करती। इसे जनगणना और परिसीमन के साथ जोड़कर 2029 तक लटकाने का मास्टरप्लान क्या महिलाओं के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात नहीं है? भाजपा का यह कदम साबित करता है कि वे केवल महिलाओं का वोट चाहते हैं, सत्ता में उनकी भागीदारी नहीं.
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर दोमुंहेपन का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टी सालों तक महिला आरक्षण को लटकाए रखी, वही आज नारी शक्ति वंदन का ढोंग करके श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। एक तरफ पार्टी महिलाओं के सम्मान का दावा करती है, तो दूसरी तरफ देश और राज्य में महिला अपराध, महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भी भाजपा की नीयत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इसे परिसीमन के साथ जोड़कर 2029 तक टालने की जो साजिश रची है, वह यह साबित करता है कि यह रैली केवल चुनावी लाभ के लिए है।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा को खुली चुनौती दी कि अगर वे वास्तव में महिलाओं के प्रति गंभीर हैं, तो वे आरक्षण को तुरंत लागू करें और महिलाओं की सुरक्षा व रोजगार के लिए ठोस कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाएं भाजपा के इस छलावे और उनकी जन आक्रोश के पीछे की सच्चाई को समझ चुकी हैं, जिसका जवाब वे आने वाले समय में जरूर देंगी।
