Ranchi: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कमर्शियल गैस की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में कमर्शियल गैस के दाम में 993 रुपये की वृद्धि कर देश के प्रधानमंत्री ने अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी कर दी है।

 

दूबे ने बताया कि फरवरी माह से अब तक कमर्शियल गैस के दामों में कुल 1380 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है, जो महज तीन महीनों में लगभग 81 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। उन्होंने इसे आम जनता पर महंगाई का “प्रचंड वार” करार दिया।

 

उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर चाय दुकानदारों, ढाबा संचालकों, होटल, बेकरी, हलवाई, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबारियों पर पड़ेगा। इससे न सिर्फ उनकी लागत बढ़ेगी, बल्कि रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

 

दूबे ने यह भी दावा किया कि पहले ही करीब 70 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं, और अब 993 रुपये की यह बढ़ोतरी देश को अराजक स्थिति की ओर धकेल सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश को आज महंगाई के बड़े बोझ का सामना करना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए दूबे ने कहा कि “नाली से गैस बनाने वाले वैज्ञानिकों की अब टॉर्च जलाकर खोज की जा रही है।” उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले कुछ घंटों या दिनों में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के दामों में भी बढ़ोतरी की जा सकती है।

 

दूबे ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही महंगाई को लेकर देश को आगाह कर चुके हैं और वर्तमान हालात उनकी आशंकाओं को सही साबित कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!