Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर जोरदार पलटवार करते हुए इसे पूरी तरह से भ्रामक और राज्य के हितों के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का काम केवल केंद्र सरकार की झारखंड विरोधी नीतियों पर पर्दा डालना और राज्य के स्वाभिमान को नीचा दिखाना रह गया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू को यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार क्यों कर रही है? राज्य सरकार जो सेस या रॉयल्टी ले रही है, वह यहां के जल, जंगल, जमीन और संसाधनों की रक्षा और विकास के लिए है। भाजपा चाहती है कि झारखंड के संसाधनों की लूट हो और इसका मुनाफा केवल केंद्र और पूंजीपति मित्रों की जेब में जाए, जबकि राज्य के सरकारी खजाने को खाली रखा जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि केंद्र सरकार पर झारखंड का जो 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये का बकाया है, उसे दिलाने के लिए वे आवाज क्यों नहीं उठाते? राज्य सरकार अपने राजस्व के कानूनी अधिकारों की रक्षा कर रही है, तो भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन के नाम पर केंद्र सरकार राज्य के अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रही है। भाजपा का यह कहना कि सस्ते कोयले के नाम पर पड़ोसी राज्यों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, यह साबित करता है कि वे झारखंड के राजस्व को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। हमारी सरकार राज्य के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी कीमत पर झारखंड की खनिज संपदा की कौड़ियों के भाव लूट नहीं होने देगी।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार ने मंईयां सम्मान योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम किया है। जब से राज्य सरकार ने अपने अधिकारों के लिए कानूनी और नीतिगत लड़ाई तेज की है, तब से भाजपा नेता बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। जनता भाजपा के इस छल और दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझ चुकी है।
