Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, मनगढ़ंत और एक हताश कोशिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए अपनी कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए वे काल्पनिक नाम के सहारे सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता जिन काल्पनिक नामों का सहारा लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उन सभी अभियंता की ओर से ग्रामीण विकास विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि उनके नाम से फर्जी लेटर का सहारा लेकर विभिन्न संचार माध्यमों में प्रचारित किया जा रहा है, जबकि ऐसा कोई पत्र उनकी ओर से लिखा ही नहीं गया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा जब भी विपक्ष में होती है, वह केवल जांच और रेड की राजनीति करती है। अगर उनके पास कोई पुख्ता सबूत है, तो वे मीडिया में शोर मचाने के बजाय संबंधित अधिकारियों को तथ्य सौंपें। राज्य सरकार नियम-संगत कार्रवाई करने में सक्षम है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा प्रवक्ता के आरोपों पर तंज कसते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भ्रष्टाचार का मॉडल भाजपा की देन है। भाजपा सरकार के समय के भ्रष्टाचार को जनता भूली नहीं है। गठबंधन सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, यही कारण है कि आज पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां और काम हो रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी या सरकार किसी भी ऐसे व्यक्ति को संरक्षण नहीं देती जो कानून से ऊपर हो। भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की मांग करना केवल प्रशासनिक तंत्र पर दबाव बनाने और उन्हें डराने की एक साजिश है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और किसी भी व्यक्ति पर दोष सिद्ध होने तक उसे अपराधी मान लेना भाजपा की अपनी न्याय प्रणाली हो सकती है, देश के संविधान की नहीं। वीरेंद्र राम जैसे अधिकारियों को पालने-पोसने का काम भाजपा शासनकाल में ही शुरू हुआ था।
