Ranchi:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की जनता महंगाई से इस कदर परेशान है मानो हर घर आर्थिक संकट से गुजर रहा हो।
पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, सब्जी और रोजमर्रा की हर चीज़ की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन भाजपा सरकार जनता की तकलीफ सुनने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि “महंगाई मार भाजपा” आज सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि देश के करोड़ों लोगों की पीड़ा बन चुकी है। जनता लगातार बढ़ती कीमतों, घटती आय और बेरोजगारी के कारण मानसिक और आर्थिक दबाव में जी रही है।
कमर्शियल सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी और गैस की किल्लत ने होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड वेंडर, ठेला व्यवसाय, हलवाई दुकानों और छोटे खानपान कारोबारियों की हालत बेहद खराब कर दी है। कई जगहों पर गैस उपलब्ध नहीं हो रही है, वहीं कोयला और लकड़ी जैसी वैकल्पिक चीजों की भी भारी कमी देखी जा रही है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि अनेक छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं और हजारों लोगों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है।
रेस्तरां और कैटरिंग व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है, जिसके कारण खाने-पीने की चीजों के दाम 20 से 40 प्रतिशत तक बढ़ने की आशंका है। पहले से आर्थिक दबाव झेल रहे व्यापारियों की कमर टूट चुकी है, जबकि इसका सीधा बोझ आम जनता की जेब पर डाला जा रहा है। मात्र तीन महीनों में कमर्शियल गैस की कीमतों में लगभग 81 प्रतिशत तक वृद्धि ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है।
देश की अर्थव्यवस्था कठिन दौर से गुजर रही है, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन भाजपा नेतृत्व जनता की परेशानियों से ध्यान हटाकर सिर्फ चुनावी राजनीति में व्यस्त दिखाई दे रहा है। आम लोगों के सामने रोज़गार, महंगाई और जीवनयापन का संकट गहराता जा रहा है, जबकि सरकार के पास राहत देने की कोई ठोस योजना नजर नहीं आ रही।
आलोक कुमार दूबे ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए मंदिर-मस्जिद और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करती है, जबकि आम जनता रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और राहत चाहती है। उन्होंने कहा कि देश को बांटने की राजनीति नहीं, बल्कि जोड़ने और विकास की राजनीति की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के रगों में शुरू से अन्याय के खिलाफ लड़ने का साहस और जुनून रहा है। कांग्रेस सत्ता के लिए नहीं बल्कि जनता के अधिकार, संविधान, सामाजिक न्याय और गरीबों की आवाज के लिए संघर्ष करती रही है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का सबसे ज्यादा असर गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और आदिवासी समाज पर पड़ा है। जंगल-जमीन और अधिकारों के सवाल पर भाजपा की सोच हमेशा आदिवासी विरोधी रही है।
इतनी महंगाई और आर्थिक संकट के दौर में जनता खुद को मानो किसी महामारी से जूझता महसूस कर रही है। इस संकट के पीछे नरेंद्र मोदी का जनविरोधी सोच और भाजपा की नीतियां जिम्मेदार हैं। वहीं राहुल गांधी जनता की आवाज़ बनकर राहत, न्याय और उम्मीद की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी देश के लिए लोकतांत्रिक ताकत और सामाजिक सुरक्षा की ढाल बनकर खड़ी है, जबकि भाजपा की नीतियों ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश में सामाजिक न्याय, आर्थिक बराबरी और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
