Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयानों को तथ्यहीन और पुलिस बल का मनोबल गिराने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में जब अपराधी बेलगाम थे, तब बाबूलाल मरांडी को कानून-व्यवस्था की याद नहीं आती थी, लेकिन आज जब सरकार अपराधियों की कमर तोड़ रही है, तो वे हताशा में बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष को पुलिस की कार्रवाई से ज्यादा एक अपराधी के वायरल वीडियो पर भरोसा है। किसी गैंगस्टर के बयान को आधार बनाकर पुलिस प्रशासन की ईमानदारी पर सवाल उठाना यह दर्शाता है कि भाजपा अब अपराधियों के प्रोपेगेंडा का हिस्सा बन गई है।
उन्होंने कहा कि धनबाद पुलिस और राज्य की कानून व्यवस्था मुस्तैदी से काम कर रही है। संवेदनशील जिलों में अधिकारियों की पोस्टिंग पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। बाबूलाल मरांडी द्वारा वसूली और एक्सटॉर्शन लाइसेंस’श जैसे शब्दों का प्रयोग करना वर्दी का अपमान है और उन जवानों के साहस को चुनौती देना है जो अपनी जान हथेली पर रखकर अपराधियों से लड़ रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि गठबंधन सरकार के नेतृत्व में संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। गैंगस्टर हो या कोई और अपराधी, पुलिस ने उनके गुर्गों को जेल भेजा है और उनकी संपत्तियों को कुर्क किया जा रहा है।
