Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवगठित मीडिया टीम को धारदार और पेशेवर बनाने के लिए आगामी 3 जून 2026 को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन रांची स्थित प्रेस क्लब में दिन के 10 बजे से किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि इस कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ-साथ मीडिया जगत के कई वरिष्ठ विशेषज्ञ नए सदस्यों को ट्रेनिंग देंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर में नए सदस्यों को जानकारी दी जाएगी कि खबर क्या होती है, कैसे बनती है और उसके मुख्य तत्व क्या हैं। मीडिया संस्थानों की जरूरत के हिसाब से सटीक प्रेस नोट और आधिकारिक बयान तैयार करने की सही तकनीक सिखाई जाएगी।वहीं कांग्रेस की विचारधारा और नीतियां के साथ ऐतिहासिक सफर को बताया जाएगा। इस दौरान साल 1885 से आज तक देश की आजादी, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक न्याय में कांग्रेस के योगदान से सभी को अवगत कराया जाएगा।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय की गई राजनीतिक दिशा व नीतियों को पूरी स्पष्टता के साथ जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनेगी। प्रवक्ताओं को कैमरे के सामने आत्मविश्वास, सही बॉडी लैंग्वेज और सीमित समय में अपनी बात रखने का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। वहीं टीवी बहसों के दौरान विरोधी दलों के तीखे हमलों और भ्रामक सवालों का संयमित व मजबूत तथ्यों के साथ जवाब देने की कला सिखाई जाएगी।
आज के सोशल मीडिया और डिजिटल न्यूज़ पोर्टल्स के दौर में पार्टी की नीतियों के आक्रामक प्रचार-प्रसार पर चर्चा होगी। किसी भी राजनीतिक विवाद या संकट की स्थिति में मीडिया को तुरंत, जिम्मेदार और आधिकारिक प्रतिक्रिया देने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा पत्रकारों, संपादकों और एंकरों के साथ एक पारदर्शी, भरोसेमंद और मजबूत कामकाजी रिश्ता बनाने और प्रेस वार्ता के दौरान अपनाए जाने वाले शिष्टाचार और मीडिया की समय-सीमा का सम्मान करने की बारीकियां के अवगत कराया जाएगा।
