Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने रांची में निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय के बाहर हुई घटना पर भाजपा नेताओं के बयानों को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित और गैर-जिम्मेदाराना बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने और राज्य का माहौल बिगाड़ने की आदी हो चुकी है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि निवारणपुर की घटना पर सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। राज्य की पुलिस और प्रशासन अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों की पहचान की जा रही है। भाजपा नेताओं को इस मामले में राजनीति करने के बजाय पुलिस की जांच का इंतजार करना चाहिए।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के दौर में अपराधियों को संरक्षण मिलता था। आज झारखंड में कानून का राज है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि का हो। पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश हैं कि 24 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर दोषियों पर कार्रवाई करें ।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा द्वारा आंदोलन की चेतावनी दिए जाने पर कहा कि बीजेपी जनता के असल मुद्दों रोजगार, महंगाई और विकास से ध्यान भटकाने के लिए हमेशा सांप्रदायिक और सामाजिक ध्रुवीकरण की फिराक में रहती है। रांची और पूरे झारखंड की जनता समझदार है और वह भाजपा की इस डराओ और राज करो की नीति को सफल नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!