Ranchi:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ के बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से विकास विरोधी रही है और जब भी महागठबंधन सरकार जनता के हित में कोई बड़ा फैसला लेती है, तो भाजपा के पेट में दर्द होने लगता है। रिम्स-2 राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को भविष्य के लिए मजबूत करने की एक दूरदर्शी सोच है, लेकिन भाजपा को हर अच्छे काम में सिर्फ राजनीति और कमियां ढूंढने की बीमारी है। उन्होंने कहा कि रिम्स-2 को अब कैबिनेट के मंजूरी मिल गई है चारदीवारी का काम शुरू हो चुका है और जल्द ही भवन निर्माण का काम भी शुरू हो जाने की उम्मीद है।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में विभाग न सिर्फ मौजूदा व्यवस्था को दुरुस्त कर रहा है, बल्कि आने वाले समय के लिए स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार भी कर रहा है। रिम्स-1 में डॉक्टरों, नर्सों की कमी और अन्य बुनियादी संसाधनों को ठीक करने की प्रक्रिया लगातार जारी है। कई स्तरों पर नियुक्तियों और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम चल रहा है। ऐसे में यह कहना कि सरकार पुराने को छोड़कर सिर्फ नया सपना दिखा रही है, पूरी तरह भ्रामक और राजनीति से प्रेरित है।

भाजपा प्रवक्ता द्वारा कैग रिपोर्ट और निजी अस्पताल के बिल का हवाला दिए जाने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखे। केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के स्वास्थ्य बजट और व्यवस्था का क्या हाल कर रखा है, यह किसी से छिपा नहीं है। जहां तक निजी अस्पतालों की मनमानी का सवाल है, हमारी सरकार इस पर सख्त है और दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है। लेकिन भाजपा इस पर राजनीति करने के बजाय यह बताए कि जब उनकी सरकार राज्य में थी, तब उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को क्यों आईसीयू में छोड़ दिया था।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि रिम्स पार्ट-2 की योजना से रांची और पूरे झारखंड के मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज मिलेगा और रिम्स पार्ट-1 पर बढ़ता हुआ दबाव कम होगा। स्थल चयन से लेकर हर तकनीकी पहलू पर पूरी पारदर्शिता के साथ काम हो रहा है। भाजपा नेताओं को अगर सच में झारखंड के गरीबों की चिंता है, तो वे राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का स्वागत करें, न कि जनता के बीच भ्रम फैलाकर विकास के काम में रोड़े अटकाएं। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी राज्य की जनता को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भाजपा के इस झूठे प्रोपेगैंडा से सरकार के कदम पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!