Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम सिर्फ और सिर्फ युवाओं के बीच भ्रम फैलाना और हर सकारात्मक प्रक्रिया में अड़ंगा लगाना रह गया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में जेपीएससी परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और रिकॉर्ड समय में पूरा कराया जा रहा है। भाजपा के शासनकाल में जहां नियुक्तियां वर्षों तक लटकी रहती थीं और भ्रष्टाचार के कारण अदालत के चक्कर काटती थीं, वहीं आज हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

उन्होंने ओएमआर शीट और तकनीकी प्रक्रियाओं पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जेपीएससी एक स्वायत्त संस्था है और वह नियमों के तहत ही परिणाम जारी करती है। बिना तथ्यों के सिर्फ एक-दो मामलों को आधार बनाकर पूरी परीक्षा प्रणाली और हजारों सफल अभ्यर्थियों की योग्यता पर सवाल उठाना न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि उन मेहनती युवाओं का अपमान है जिन्होंने दिन-रात एक करके यह परीक्षा पास की है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा को ‘भविष्य बर्बाद’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। देश के इतिहास में सबसे बड़ा परीक्षा घोटाला ‘नीट’ और ‘नेट’ जैसी परीक्षाओं में हुआ, जिसने देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य अधर में लटका दिया। उस वक्त भाजपा के नेता और केंद्र सरकार अपनी नाकामी छुपाने में व्यस्त थे। झारखंड में जब भी युवाओं को नौकरी मिलने लगती है, भाजपा को पेट में दर्द होने लगता है और वे जांच के नाम पर नियुक्तियों को रुकवाने की साजिश रचने लगते हैं।

उन्होंने राज्य के युवाओं और परीक्षार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गठबंधन सरकार युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी अभ्यर्थी के साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, लेकिन भाजपा की किसी भी राजनीतिक साजिश और दुष्प्रचार को राज्य के विकास और युवाओं के रोजगार की राह में रोड़ा नहीं बनने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!