Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा परिवहन विभाग और रोजमार्टा कंपनी को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह भ्रामक और राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी हर सरकारी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार ढूंढने के आदी हो चुके हैं और जनता की बुनियादी सुविधाओं को ठप करने की साजिश रच रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को यह समझना चाहिए कि ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जैसी सेवाएं सीधे आम जनता से जुड़ी हुई हैं। कोई भी जिम्मेदार सरकार टेंडर की तकनीकी प्रक्रियाओं के बीच जनता की इन अति-आवश्यक सेवाओं को अचानक बंद नहीं कर सकती। सरकारी नियमों में ऐसी आवश्यक सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए ‘एक्स्पोस्ट फैक्टो’ (कार्येत्तर स्वीकृति) और सेवा विस्तार के स्पष्ट प्रावधान हैं, जिनका पूरी तरह पालन किया जा रहा है।

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को घेरते हुए कहा कि विभागीय नियमों और कैबिनेट की प्रक्रियाओं के तहत ही प्रशासनिक निर्णय लिए जाते हैं, इसमें कुछ भी पर्दे के पीछे नहीं है। नई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक जनता को कोई परेशानी न हो, इसके लिए नियमों के दायरे में रहकर ही काम सुनिश्चित किया जा रहा है। करोड़ों के बेबुनियाद भुगतान का हौव्वा खड़ा करना सिर्फ सुर्खियां बटोरने का जरिया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को अगर नियमों की इतनी ही चिंता है, तो उन्हें केंद्र की भाजपा सरकार से पूछना चाहिए कि वहां बिना उचित प्रक्रियाओं के चुनिंदा उद्योगपतियों को कैसे देश की संपत्तियां सौंपी जा रही हैं? झारखंड में जब भी वर्तमान सरकार जनता की सहूलियत के लिए सुचारू रूप से काम करती है, भाजपा नेताओं को उसमें घोटाला नजर आने लगता है। इनका मकसद सिर्फ राज्य की छवि खराब करना और विकास कार्यों में अड़ंगा लगाना है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। परिवहन विभाग की पूरी प्रक्रिया नियमानुकूल है और राज्य के युवाओं व आम नागरिकों को आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। बाबूलाल मरांडी को नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!