Ranchi:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जमशेदपुर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में बीजेपी नेताओं के रवैये की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन इस दुखद घटना की आड़ में जिस तरह से राजनीतिक रोटियां सेकने और मामले को भटकाने की कोशिश की जा रही है, वो दुखद है। अब पुलिस के जगह बीजेपी नेताओं को तय कर लेना चाहिए कि किसे गिरफ्तार करना है और किसे छोड़ना है।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि ये घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनशील है। लेकिन विपक्ष और कुछ निहित स्वार्थी तत्व इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर मुख्य आरोपियों को बचाने और जांच की दिशा मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन पूरी निष्पक्षता और तत्परता के साथ मामले की तह तक जा रहा है। जांच के शुरुआती दौर में ही किसी को क्लीन चिट देने की पैरवी करना या पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाना यह दर्शाता है कि कुछ लोग कानून व्यवस्था पर भरोसा न कर अपराधियों और संदिग्धों के ढाल बन रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह कहना बिल्कुल गलत है कि सरकार या पुलिस किसी को राजनीतिक दुर्भावना से फंसा रही है। वर्तमान राज्य सरकार के शासन में कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह कोई रसूखदार हो या कोई और। अगर किसी की संलिप्तता के साक्ष्य मिलते हैं, तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। जहां तक पुलिसकर्मियों की भूमिका का सवाल है, सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच में अगर पुलिस की कोताही सामने आती है, तो उन पर भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई होगी।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पीड़ित परिवार के प्रति पूरी संवेदना रखते हैं और उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि राज्य की कानून व्यवस्था और जांच एजेंसियां पूरी तरह सक्षम हैं। इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी राज्य पुलिस की निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगा। विपक्ष को इस संवेदनशील मुद्दे पर ओछी राजनीति बंद कर पुलिस प्रशासन को अपना काम करने देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!