Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा के बयान को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित, तथ्यहीन और भ्रामक करार देते हुए कड़ा पलटवार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास न तो कोई नीति है और न ही राज्य के विकास को लेकर कोई सकारात्मक सोच, इसलिए वे केवल सुर्खियां बटोरने के लिए अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों ने मोमेंटम झारखंड के नाम पर हाथी उड़ाने और जनता की गाढ़ी कमाई को इवेंट मैनेजमेंट में फूंकने का काम किया था, जिसका धरातल पर कोई नतीजा नहीं दिखा। इसके विपरीत, मौजूदा गठबंधन सरकार जो भी प्रयास कर रही है, उसके परिणाम पारदर्शी हैं। सरकार आईटी, स्टार्टअप, पर्यटन नीति और सिंगल विंडो सिस्टम को पूरी तरह से सुदृढ़ कर रही है ताकि निवेशकों को किसी लालफीताशाही का सामना न करना पड़े।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार झारखंड को निवेश, रोजगार और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। दिल्ली में आयोजित स्टेक होल्डर्स मीट राज्य में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। लेकिन भाजपा को झारखंड का विकास और यहां के युवाओं को रोजगार मिलना हजम नहीं हो रहा है, इसलिए वे इस बेहद गंभीर और सफल बैठक पर भी सवाल उठा रहे हैं।

 

भाजपा प्रवक्ता द्वारा वित्त मंत्री की अनुपस्थिति पर उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सरकार की नीतियां और बैठकें सामूहिक जिम्मेदारी के तहत तय होती हैं। किसी तकनीकी या पूर्व-निर्धारित सरकारी व्यस्तताओं के कारण किसी एक व्यक्ति की अनुपस्थिति को पूरी बैठक की विफलता बताना भाजपा की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। यह मीट पूरी तरह से गंभीर और राज्य के हित में दूरगामी परिणाम देने वाली है।

उन्होंने कहा कि जहां तक कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर लगाम लगाने की बात है, हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के कड़े कदम उठा रही है। केंद्रीय योजनाओं में सहयोग की बात करने वाली भाजपा पहले यह बताए कि केंद्र सरकार झारखंड के हक का लाखों-करोड़ों रुपये का बकाया क्यों दबाकर बैठी है? अगर भाजपा को वाकई झारखंड की जनता की चिंता है, तो वे केंद्र से राज्य का बकाया दिलाने में मदद करें।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि झारखंड की जनता अब भाजपा के बहकावे में आने वाली नहीं है। गठबंधन सरकार सात साल की चुनौतियों, केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और विपक्ष की हर साजिश को नाकाम करते हुए जमीन पर काम कर रही है और आगे भी रोजगार, सुरक्षा और निवेश के मोर्चे पर परिणाम देती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!