Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल के आरोपों को पूरी तरह आधारहीन, तथ्यहीन और हताशा से भरा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का काम केवल सनसनी फैलाना और राज्य की छवि को खराब करना रह गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता जिन छिटपुट घटनाओं का जिक्र कर राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश कर रहे हैं, उन सभी मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा है। गठबंधन सरकार में अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाता।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पुलिस को जो आधुनिक गाड़ियां और संसाधन सौंपे हैं, वे राज्य की जनता की सुरक्षा और पेट्रोलिंग को मजबूत करने के लिए हैं। भाजपा नेताओं को जनहित में किए गए ये ऐतिहासिक कार्य हजम नहीं हो रहे हैं, इसलिए वे पुलिस तंत्र का मनोबल गिराने के लिए अनर्गल और अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं।
लाल किशोर नाथ ने कहा कि इन्वेस्टर्स मीट और एमओयू को लेकर भाजपा का बयान उनकी विकास विरोधी सोच को दर्शाता है। हेमंत सरकार न केवल तुपुदाना, कोकर और देवीपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ कर रही है, बल्कि नए निवेशकों को आकर्षित कर राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। भाजपा नहीं चाहती कि झारखंड का औद्योगिक विकास हो।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता को झारखंड पर उंगली उठाने से पहले अपने शासन वाले राज्यों उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की कानून-व्यवस्था और वहां महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के आंकड़ों को देखना चाहिए।
