Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता अभय सिंह के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का काम सिर्फ और सिर्फ नकारात्मक राजनीति करना और सरकार की उपलब्धियों पर कीचड़ उछालना रह गया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की देखरेख में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था, विशेषकर रिम्स में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। जो रिम्स भाजपा के शासनकाल में रेफ़र अस्पताल बनकर रह गया था, आज वहां अत्याधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं, डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा रहा है और गरीबों को मुफ़्त दवाइयां व विश्वस्तरीय इलाज मिल रहा है।

उन्होंने विश्राम गृह के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अगर कहीं भी किसी वेंडर या संचालक द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है, तो हमारी सरकार उस पर तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई करती है। भाजपा की तरह हम भ्रष्टाचार को संरक्षण नहीं देते। पोटका और हजारीबाग की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तुरंत संज्ञान लेकर वहां टीमें भेजीं और राहत कार्य चलाए। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना और एम्बुलेंस सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अपने शासनकाल की बदहाली याद करनी चाहिए, जब जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसती थी। आज जब गठबंधन सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है और खुद स्वास्थ्य मंत्री जमीन पर उतरकर अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं, तो भाजपा नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। राज्य की जनता सरकार के साथ है और भाजपा के इन झूठे व भ्रामक दावों के बहकावे में आने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!