Ranchi: पर्यावरण संरक्षण, हरित झारखंड और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ पासवा (पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन) द्वारा संचालित 50 लाख वृक्षारोपण अभियान को पूरे झारखंड एवं देश में जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। इस महाअभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। अभियान के तहत झारखंड के छोटे निजी विद्यालयों को प्रति विद्यालय 500 से 1000 पौधे, मध्यम श्रेणी के विद्यालयों को 2000 से 3000 पौधे तथा बड़े शिक्षण संस्थानों को 5000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विद्यालय से प्राप्त पौधों को अपने-अपने घरों में अभिभावकों के सहयोग से लगाएंगे तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लेंगे। इस प्रकार “एक विद्यार्थी–एक वृक्ष” के संकल्प के साथ पासवा के 50 लाख वृक्ष लगाने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।

विश्व पर्यावरण दिवस को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री  दीपिका पाण्डेय सिंह एवं पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के दिशा-निर्देश पर राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में शिक्षाविदों, शिक्षकों एवं स्कूली बच्चों द्वारा एक लाख से अधिक पौधे लगाकर आज अभियान की शुरुआत की गई।

 

पासवा का 50 लाख वृक्षारोपण अभियान अत्यंत सराहनीय: दीपिका पाण्डेय सिंह

 

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण हेतु पासवा के विशेष पोस्टर का लोकार्पण करते हुए कहा कि संपूर्ण झारखंड के पर्यावरण की रक्षा के लिए विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू किया गया पासवा का 50 लाख वृक्षारोपण अभियान अत्यंत सराहनीय है। स्कूली छात्रों एवं उनके अभिभावकों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास राज्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि पासवा द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के माध्यम से 50 लाख से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए वे राज्य के प्रत्येक जिले के वन विभाग एवं वन पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पासवा के जिला अध्यक्षों एवं विद्यालयों को पौधे उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा अपने क्षेत्र महागामा में भी हमने एक लाख वृक्ष लगाया है और हमारे विभाग भी इस प्रकार का है जहां हम ग्रामीण इलाकों में वृक्ष लगाकर राज्य को हरियाली बनाने का सार्थक प्रयास कर रहे हैं।

 

ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ पासवा ने निर्णायक जंग छेड़ दी है : आलोक कुमार दूबे

 

पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ पासवा ने निर्णायक जंग छेड़ दी है। झारखंड में 47 हजार से अधिक निजी विद्यालय हैं और पासवा का संकल्प है कि इन विद्यालयों के छात्र, शिक्षक एवं अभिभावकों की भागीदारी से 50 लाख से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का भी माध्यम बनेगा।

 

पर्यावरण संरक्षण  समाज का सामूहिक दायित्व :लाल किशोर नाथ शाहदेव

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। पासवा का 50 लाख वृक्षारोपण अभियान झारखंड को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल है, जिसमें सभी नागरिकों को बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।

प्राचार्य एस.के. मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पासवा का 50 लाख वृक्षारोपण अभियान विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने का एक अनुकरणीय प्रयास है। प्राचार्या सुमित कौर ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सहज रूप से प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय इस अभियान में पूरी सक्रियता से भागीदारी निभाएगा। प्राचार्य रवि कुमार तिवारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। पासवा का यह अभियान पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। प्राचार्य एस.के. झा ने कहा कि बच्चों को विद्यालय स्तर से ही पर्यावरण संरक्षण के संस्कार देना आवश्यक है। पासवा का यह अभियान शिक्षा और पर्यावरण को एक साथ जोड़ने का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्राचार्या चांदनी नाथ ने कहा कि विद्यालय परिवार इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेगा और प्रत्येक छात्र को पौधारोपण एवं उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा। #PSACWAGreenMission के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश हर घर तक पहुंचाया जाएगा।

पासवा के प्रदेश महासचिव फलक फातिमा ने बताया कि सभी निजी विद्यालयों में बच्चों के माध्यम से पेंटिंग प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, निबंध एवं लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। प्रत्येक छात्र अपने घर में कम से कम एक पौधा लगाएगा और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने बताया कि #PSACWAGreenMission हैशटैग के साथ सभी विद्यालयों के छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारी पौधारोपण करते हुए अपनी सेल्फी एवं तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करेंगे, जिससे पूरे झारखंड में पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा और अधिक से अधिक लोग इस हरित अभियान से जुड़ेंगे।

पासवा ने राज्य के सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस 50 लाख वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा हरित, स्वच्छ और समृद्ध झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

वृक्षारोपण अभियान कार्यक्रम में शामिल पासवा पदाधिकारी लाल किशोर नाथ शाहदेव, फलक फातिमा, पासवा वोलेंटियर्स मेहुल दूबे,अनिकेत कुमार, अंकिता कुमारी, रूपा राव, नंदनी कुमारी, आरती कुमारी, श्रुति तिवारी, खुशी भारती,प्रियंका उरांव, गौरी कुमारी ,रूपा राव, सलोनी कुमारी, तलत नाज, अंकित सिंह, सुनैना,दीपिका कच्छप,नेहा कुमारी अनुष्का कुमारी, फैजान राजा, संगीता कुमारी दीपिका कुमारी, रीना कुमारी, शाहिद अश्विनी कुमार,प्रथम मंडल राजा उसूला, अनामिका दुबे,
अजहर ,अमित कुमार, विश्वजीत कुमार आरती कुमारी, नंदनी कुमारी, सैफ खान को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!