Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बीजेपी कार्यकर्ताओ द्वारा आज शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थर और कोल्डड्रिंक के बोतल से हमला करने की कड़ी निंदा की है उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने का भ्रम न पाले। छात्रों पर लाठी नहीं, उन्हें न्याय चाहिए। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक छात्रों के हक के लिए लड़ेगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आज सवाल केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफे का है। नीट पेपर लीक के कारण छात्रों का भविष्य खराब होने का सवाल है। युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का सवाल है। पेपर लीक के कारण जिन 27 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या कर ली, उसके जिम्मेदार लोगों के पहचान का सवाल है। लेकिन भाजपा इन मुद्दों पर से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस दफ्तरों पर हमला कर रही है। पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास करती है और इस तरह की घटनाओं का संसदीय राजनीति में कोई स्थान नहीं है। यही कारण है कि देश के विभिन्न शहरों ही नहीं ग्रामीण इलाकों में छात्र और युवा सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लोगों के प्रदर्शन से केंद्र सरकार की नींव हिल गई है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों एवं युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय तथा नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई तीन प्रमुख मांगों के समर्थन में रांची महानगर कांग्रेस कमिटी एवं रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमिटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा एवं रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरमू मैदान से विशाल जुलूस निकालकर भाजपा कार्यालय तक मार्च किया।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई धांधली और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ जब देश के छात्र अपने हक की आवाज उठा रहे हैं, तो केंद्र सरकार और भाजपा की पुलिस उन पर बर्बरता से लाठियां बरसा रही है। झारखंड से केंद्र सरकार को साफ संदेश है कि छात्रों पर यह अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुई अनियमितता और पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेता आदरणीय राहुल गांधी जी ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जो तीन प्रमुख मांगें रखी हैं, पार्टी उनके समर्थन में पूरी मजबूती से खड़ी है। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस का यह ‘हल्ला बोल’ और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि हरमू से भाजपा कार्यालय तक निकले विशाल मार्च और दो घंटे चले जोरदार प्रदर्शन को युवाओं और आम जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। यह विशाल शक्ति प्रदर्शन इस बात का सबूत है कि देश का युवा अब भाजपा की तानाशाही नीतियों से तंग आ चुका है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि भाजपा सरकार छात्रों के भविष्य पर राजनीति करना बंद करे। अगर युवाओं और छात्रों की मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं और उन पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी।
