Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा की केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा करोड़ों की संख्या में देश भर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं की यह पहली जीत है।

उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी ने  छात्रों और युवाओं के लिए तीन मांगें रखी थी, जिसमें एक मांग पूरी हो गई है। लेकिन अभी भी कुछ मांगें बची हुई है और केंद्र सरकार को झुकना ही होगा।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान पर भी कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि रघुवर दास का बयान पूरी तरह से तथ्यहीन, भ्रामक और अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की एक नाकाम कोशिश है। केंद्र की भाजपा सरकार की नाकामियों और देश भर में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। रघुवर दास के कार्यकाल में जेपीएससी की ओर से एक भी परीक्षा प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि रघुवर दास और भाजपा को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने शासनकाल को याद करना चाहिए। रघुवर सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल में जेपीएससी और जेएसएससी की क्या स्थिति थी, यह पूरा झारखंड जानता है। उस समय अभ्यर्थियों पर लाठियां बरसाई जाती थीं और नियुक्तियां अदालत के चक्कर काटती रहती थीं। आज गठबंधन सरकार पारदर्शिता के साथ युवाओं को रोजगार दे रही है, तो भाजपा को पेट में दर्द हो रहा है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज हैं। नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में हुए धांधली पर देश का हर युवा भाजपा से जवाब मांग रहा है। केंद्र सरकार की नाकामी के कारण देश भर के लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में लटका हुआ है। इस पर जवाब देने के बजाय रघुवर दास सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए राहुल गांधी का नाम ले रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि रघुवर दास हमें नैतिक मूल्य न सिखाएं। हमारी सरकार युवाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। जहां कहीं भी किसी तरह की अनियमितता की शिकायत आती है, राज्य सरकार तुरंत कड़े कदम उठाती है। भाजपा शासित राज्यों मध्य प्रदेश का व्यापमं घोटाला या उत्तर प्रदेश में लगातार होते पेपर लीक पर रघुवर दास की जुबान क्यों बंद रहती है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!