Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) एवं के तत्वावधान में चल रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत शुक्रवार को डोरंडा के छप्पन सेट क्षेत्र में 51 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का नेतृत्व पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने किया।इस अवसर पर संजीत यादव, अभिषेक साहू, मेंहुल दूबे, लाल मनोज नाथ शाहदेव एवं बच्चा तिवारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस मौके पर आलोक कुमार दूबे ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को हर वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। पासवा और दैनिक भास्कर का यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास है। हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर हर क्षेत्र को हराभरा बनाना है।”
पासवा के प्रवक्ता मेंहुल दूबे ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान लगातार जारी रहेगा। इसी क्रम में कल हजारीबाग जिला पासवा की ओर से लोकमान्य जेपी विद्या मंदिर स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे शामिल होंगे। उन्होंने जिले के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं पर्यावरण प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
