Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा सीआईडी और आईपीएस अधिकारी पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से निराधार, भ्रामक और हताशा से प्रेरित बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के पास अब न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही जनता का समर्थन। जब भी राज्य की जांच एजेंसियां किसी बड़े घोटाले या धांधली के तह तक पहुंचकर निष्पक्षता से कार्रवाई शुरू करती हैं, तो भाजपा नेताओं के पेट में दर्द होने लगता है। सीआईडी एक संवैधानिक और पेशेवर जांच एजेंसी है, जिसे सरकार की कठपुतली कहना पूरी तरह से अनुचित और राज्य के पुलिस बल का अपमान है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का काम केवल सोशल मीडिया पर बैठकर अधिकारियों की छवि धूमिल करना और भ्रामक नैरेटिव सेट करना रह गया है। वरिष्ठ अधिकारियों पर व्यक्तिगत आरोप लगाना उनकी राजनीतिक बौखलाहट को दर्शाता है।कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार राज्य के युवाओं, अभ्यर्थियों और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सीआईडी पूरी निष्पक्षता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।
वहीं बाबूलाल मरांडी द्वारा बार-बार सीबीआई जांच की मांग पर तंज कसते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि, सब जानते हैं कि केंद्र की भाजपा सरकार सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल किस तरह अपने राजनीतिक विरोधियों को साधने के लिए करती है। राज्य सरकार अपनी एजेंसियों के माध्यम से त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर रही है, इसीलिए भाजपा को डर सता रहा है कि सच सामने न आ जाए।
