Ranchi:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का बयान हताशा, निराशा और मानसिक बौखलाहट का प्रतीक है। राहुल गांधी जब भी देश के लोकतंत्र, संविधान और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हैं, पूरी भाजपा में खलबली मच जाती है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता की आवाज उठा रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना कोई अराजकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा जब सवालों के जवाब देने में असमर्थ होती है, तो व्यक्तिगत आक्षेप लगाने पर उतर आती है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी के इलाज को लेकर दिया गया बयान बेहद निचले स्तर की राजनीति का परिचायक है। सच तो यह है कि इलाज की जरूरत राहुल गांधी को नहीं, बल्कि भाजपा की उस मानसिकता को है जो देश में संवैधानिक संस्थाओं को अपना गुलाम बनाना चाहती है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राफेल, ईवीएम, वोटिंग प्रक्रिया या फोन टैपिंग जैसे विषय जनता के अधिकारों से जुड़े हैं। भाजपा इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय मुद्दों को भटकाने में माहिर है। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकजुटता और जन-आंदोलन से भाजपा पूरी तरह डरी हुई है। यही वजह है कि बाबूलाल मरांडी जैसे नेता शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए अनर्गल और आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर जन-विश्वास तभी कायम रहेगा जब प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होंगी। सवालों को दबाने की कोशिश ही यह दर्शाती है कि दाल में कुछ काला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!