Giridih: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस के द्वारा लगाए गए आरोप पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने और मोदी सरकार को बेवजह बदनाम करने का आरोप लगाया।

गिरिडीह में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लगाया गया आरोप कोई पहला मामला नहीं है। कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां ऐसा कुत्सित प्रयास पहले भी कई बार कर चुकी हैं। 2014 में जब से कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई है, तब से तरह तरह के आरोप लगाते रही है। केवल इनके मुद्दे बदलते रहे हैं। इन्होंने अलग-अलग मुद्दों पर केंद्र सरकार एवं चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाया है लेकिन इनकी आधारहीन और तथ्यहीन बातों पर देश की जनता ने कभी विश्वास नहीं किया।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इन लोगों के द्वारा कभी ईवीएम ब्लैक बॉक्स कहकर विवाद का विषय बनाया गया, कभी चौकीदार चोर है, कभी राफेल को मुद्दा बनाया गया तो कभी फोन टैपिंग को मुद्दा बनाने के बाद अब इन लोगों के द्वारा ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए जा रहे हैं।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। जनता जाग चुकी है और राहुल गांधी को अच्छी तरह समझ भी चुकी है। इसलिए राहुल गांधी और कांग्रेस की बातों को देश की जनता कभी भी गंभीरता से नहीं लेती।

बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं को सुझाव देते हुए कहा कि राहुल गांधी की संसद के भीतर या बाहर, देश के भीतर या देश से बाहर, जिस प्रकार की हरकतें व गतिविधियां हैं कांग्रेस को अपने नेता की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश दुनियां में जहां अच्छे अस्पताल हैं, वहां उनका इलाज कराना चाहिए। नहीं तो 2029 आते-आते ये कांग्रेस सहित पूरे इंडी गठबंधन को ही डुबो देंगे।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हाल में एक अखबार में प्रकाशित एक खबर को आधार बनाकर विपक्ष ने इसे राजनीतिक हंगामे का मुद्दा बनाकर हायतौबा मचाना शुरू कर दिया। मानो इन लोगों के हाथ बड़ा तोप लग गया हो। बाद में मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद उनके द्वारा जारी आधिकारिक संयुक्त बयान कि “सारे निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं” ने इनके सारे आरोपों की हवा निकाल कर रख दी। चुनाव आयोग के बयान के बाद राहुल गांधी, कांग्रेस और पूरी इंडी गठबंधन औंधे मुंह गिर गई।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी भी भारत की ताकत, भारत के विकास के साथ खड़े नहीं होते। देश-दुनियां में शायद ही कोई विपक्षी दल या विपक्ष के नेता होंगे जो हर समय अपने देश की छवि को धूमिल करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बयान कभी चीन और अन्य देशों के हितों के अनुरूप प्रतीत होता है। आने वाले वक्त में जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन के राजनीतिक रवैये का करारा जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!