Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और भाजपा के नेताओं के बयानों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के सेवा संकल्प अभियान को महज एक राजनीतिक ढोंग और राज्य की जनता का ध्यान भटकाने की साजिश करार दिया।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बीजेपी नेताओं के दावों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा नेता 12 सालों के बेमिसाल कार्यकाल और ईमानदारी का ढोल पीट रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि इन वर्षों में देश और झारखंड की जनता ने केवल महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मंदी झेली है। मोदी सरकार ने 140 करोड़ लोगों की सेवा नहीं, बल्कि चुनिंदा पूंजीपति मित्रों का कल्याण किया है। गरीबों की थाली से दाल-सब्जी गायब है और भाजपा जश्न मनाने में व्यस्त है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का यह कहना कि एमएमडीआर अधिनियम से झारखंड को लाभ होगा, हास्यास्पद और राज्य के हितों के खिलाफ है। सच्चाई यह है कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार झारखंड जैसे खनिज समृद्ध राज्यों के अधिकारों और राजस्व पर डाका डाल रही है। झारखंड का बकाया 1,36,000 करोड़ का रॉयल्टी फंड केंद्र दबाकर बैठा है, जिस पर भाजपा नेता चुप्पी साधे हुए हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राजक तत्वों की बात करने वाले बाबूलाल मरांडी और भाजपा नेता खुद राज्य में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। झारखंड की लोकप्रिय और जनहितैषी गठबंधन सरकार को काम करने से रोकने और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर राज्य के विकास में बाधा डालने का काम भाजपा कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता जब मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, तब भाजपा एक महीने का आत्ममुग्धता से भरा अभियान चलाने जा रही है। जनता के टैक्स के पैसे और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर दीया जलाने और इवेंट मैनेजमेंट करने से गरीबों का पेट नहीं भरेगा।
