Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगाए गए अनर्गल आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों को पूरी तरह से भ्रामक, तथ्यहीन और राजनीतिक हताशा का परिणाम करार दिया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य के भाजपा नेता केवल झूठ का पुलिंदा बांधकर जनता और छात्रों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। राज्य की गठबंधन सरकार झारखंड के नौनिहालों, छात्रों और युवाओं के स्वर्णिम भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि छात्रों के भविष्य और पारदर्शी परीक्षा पर निष्पक्ष काम किया है। गठबंधन सरकार ने हमेशा युवाओं के हितों की रक्षा की है। परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं। भाजपा केवल छात्रों की भावनाओं पर राजनीति कर रही है, जबकि अपने शासनकाल में भाजपा ने केवल पेपर लीक और भर्ती घोटालों का रिकॉर्ड बनाया था।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र सरकार के संरक्षण में चल रही केंद्रीय एजेंसियों और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण राज्य का बकाया राजस्व नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद गठबंधन सरकार राज्य के खनिजों और संसाधनों की लूट को रोककर जनता के हक में काम कर रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के नेता एमएमडीआर कानून को लेकर जनता के बीच दुष्प्रचार फैला रहे हैं। सच तो यह है कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों को छीनने और झारखंड की संपदा को अपने पूंजीपति मित्रों के हाथों सौंपने का षड्यंत्र रच रही है। हमारी सरकार राज्य के राजस्व और स्थानीय मजदूरों, गरीबों के अधिकारों के लिए डटकर खड़ी है।
