Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की ओर से एमएमडीआर को लेकर 19 से 30 सितंबर तक चलाए जाने वाले अभियान पर तीखा प्रहार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का यह तथाकथित जागरूकता अभियान दरअसल अपने जनविरोधी फैसलों, राज्यों के अधिकारों पर डाका डालने और कॉर्पोरेट मित्रों को फायदा पहुंचाने की नीति पर पर्दा डालने का एक असफल प्रयास है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा 26 सितंबर को कांग्रेस की ओर से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में लोकभवन के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस की ओर से तय कार्यक्रम को देखकर ही बीजेपी ने हड़बड़ी में जनजागरूकता अभियान चलाने का फैसला लिया है। लेकिन पार्टी का साफ मानना है कि एमएमडीआर अधिनियम में किया गया संशोधन भारत के संघीय ढांचे पर सीधा आघात है। इसके जरिए केंद्र सरकार राज्यों के खनिज संसाधनों और उनके प्रशासनिक व वित्तीय अधिकारों को हड़पना चाहती है। भाजपा यह बताए कि जब राज्य के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला हक यहां के आदिवासियों, मूलवासियों और जनता का है, तो फैसले दिल्ली से क्यों थोपे जा रहे हैं?

लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का असली मकसद स्थिरता और पारदर्शिता के नाम पर झारखंड की बहुमूल्य खनिज संपदा को चंद चुनिंदा पूंजीपति मित्रों के हवाले करना है। इस संशोधन से स्थानीय लोगों का अधिकार खत्म होगा और बड़े उद्योगपतियों को खुली छूट मिलेगी।

आदित्य साहू के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भ्रम गठबंधन सरकार नहीं, बल्कि भाजपा फैला रही है। अगर यह कानून इतना ही जनहित में है, तो भाजपा को लीपापोती करने के लिए पूरे प्रदेश में रैलियां और पर्चे क्यों बांटने पड़ रहे हैं? जनता सब समझती है और इस बात को भली-भांति जानती है कि कौन उनके अधिकारों की रक्षा कर रहा है और कौन उनका हक छीन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!