Ranchi : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में सोमवार को सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संगठन में एक जिम्मेदार एवं ईमानदार कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुई। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली और अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसकी सत्यनिष्ठा पर टिकी होती है। महोत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने दैनिक कार्यों में ईमानदारी और पारदर्शिता को अपनाने का संकल्प है। उन्होंने सभी कर्मियों से आह्वान किया कि वे अपने हर कार्य में नैतिकता को प्राथमिकता दें, जिससे संगठन और अधिक सशक्त बने।
मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने अपने स्वागत संबोधन में सतर्कता जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सतर्कता का अर्थ केवल निगरानी नहीं, बल्कि जागरूकता है। जब हर कर्मचारी अपने स्तर पर पारदर्शी तरीके से काम करेगा, तो भ्रष्टाचार की गुंजाइश स्वतः समाप्त हो जाएगी। उन्होंने नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यप्रणाली को संगठन की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
जागरूकता रथ और मार्च आकर्षण का केंद्र
महोत्सव के दौरान सतर्कता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। सतर्कता के प्रतीक के रूप में गुब्बारे छोड़े गए। दरभंगा हाउस परिसर में पिपरवार ओसीपी एवं माइन क्लोजर मॉडल का उद्घाटन किया गया। ई-प्लेज बूथ का भी उद्घाटन किया गया, जहां कर्मी ऑनलाइन सत्यनिष्ठा की शपथ ले सकेंगे।
इसके बाद सतर्कता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सतर्कता के प्रति जागरूक करेगा। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सतर्कता मार्च का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
लाइव पेंटिंग में 30 से अधिक कलाकार ले रहे भाग
कार्यक्रम के अंतर्गत लाइव पेंटिंग कार्यशाला का भी उद्घाटन किया गया। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 30 से अधिक कलाकार भाग ले रहे हैं। कलाकार अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों का संदेश कैनवास पर उकेर रहे हैं। महोत्सव के पहले दिन लाइव पेंटिंग के साथ-साथ रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग एवं पॉट पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नारी शक्ति वंदन में महिला कर्मियों का सम्मान
महोत्सव के अंतर्गत सोमवार शाम मुख्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह रहीं। इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की सभी सदस्याएं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रीति सिंह एवं अन्य सदस्याओं ने परिसर में आयोजित रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग, पॉट पेंटिंग एवं लाइव पेंटिंग का अवलोकन किया और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की।
इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान भगवान गणेश की वंदना एवं शिव वंदना की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रीति सिंह ने कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। महिलाओं की प्रतिभा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को सम्मान देना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सीसीएल की महिलाएं अपने कार्यों और योगदान से संगठन को निरंतर सशक्त बना रही हैं। ऐसे आयोजन उनकी उपलब्धियों को पहचान देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करते हैं।
