Lohardaga : झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू अपने छह दिवसीय झारखंड प्रवास के तहत आज लोहरदगा जिला के कुड़ू प्रखंड स्थित सुन्दरु पंचायत के ओपा गांव पहुंचे। यहां प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव के आवास पर वरिष्ठ कांग्रेस जनों के साथ दोपहर का भोजन किया एवं पूर्वजों के महल और प्राचीन धरोहर का अवलोकन किया,प्राचीन राम जानकी मंदिर का दर्शन किया एवं राज्य की खुशहाली की कामना की।
बैठक में सुन्दरु पंचायत के अध्यक्ष एवं बारह सदस्यीय समिति मौजूद रही, जहां प्रदेश प्रभारी के. राजू ने पंचायत प्रतिनिधियों से सीधे संवाद स्थापित किया। इस संवाद के दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर संगठन की मजबूती, स्थानीय जनता की समस्याओं और उनके समाधान के लिए कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
झारखण्ड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव के गांव ओपा पहुंचे के. राजू
ढोल नगाड़े एवं छऊ नृत्य के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू का भव्य स्वागत किया गया। सखुवा पत्ता की टोपी एवं माला भेंटकर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने प्रभारी सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश,पूर्व मंत्री बंधू तिर्की, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर,कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, डॉ. राजेश गुप्ता, कांग्रेस नेता रोहित उरांव, डॉ राकेश किरण महतो एवं संजय कुमार मौजूद रहे।
इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, श्री बेला प्रसाद एवं दिल्ली की बैठक में शामिल होने के उपरांत साथ लौटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश का रांची हवाई अड्डे पर कांग्रेसजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, कृषि एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि भूषण राय, सत्यनारायण सिंह, अजय शर्मा, निरंजन शर्मा और प्रशांत किशोर शामिल थे।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों के मनोनयन की प्रक्रिया को क्रियान्वित करने हेतु वे रांची आए हैं। कल 25 जिलों के 75 ऑब्जर्वरों की बैठक होगी तथा 2 सितंबर से एआईसीसी के ऑब्जर्वर 15 दिनों तक जिलों में रहकर संगठन को मजबूती देने का कार्य करेंगे। साथ ही पंचायत स्तर पर संगठन के निर्माण को लेकर वे कई पंचायतों का दौरा करेंगे और पंचायत अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों के मनोनयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके पश्चात पंचायतों में बीएलओ की नियुक्ति होगी ताकि जिस प्रकार बिहार में वोट को लेकर गड़बड़ी हो रही है, वैसे हालात झारखंड में न हों और कांग्रेस के बीएलओ के माध्यम से पूरे मतदान तंत्र पर मजबूत निगरानी रखी जा सके।
इस कार्यक्रम के संबंध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। पंचायत स्तरीय संवाद से न केवल संगठन की जड़ें मजबूत होंगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान में भी तेजी आएगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनता के हित में कार्य करती रही है और आगे भी हर पंचायत तक पहुंचकर लोगों की आवाज को बुलंद करेगी।