Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने राज्य सरकार द्वारा दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों, विधानसभा सचिवालय और उच्च न्यायालय के कर्मचारियों को माह अक्टूबर 2025 का अग्रिम वेतन देने के निर्णय का स्वागत किया है।

 

उन्होंने कहा कि यह निर्णय झारखंड सरकार की संवेदनशीलता और कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह फैसला न केवल कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान लाएगा बल्कि त्योहारी सीजन में आर्थिक राहत भी प्रदान करेगा।

 

आलोक कुमार दूबे ने इस निर्णय के लिए गठबंधन सरकार तथा आदरणीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा राज्य के कर्मियों, मजदूरों और आम जनता के हित में सोचते हैं। दीपावली और छठ पूजा जैसे पावन पर्व पर अग्रिम वेतन का भुगतान कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

 

इसी के साथ उन्होंने भाजपा और बाबूलाल मरांडी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “केवल ट्विटर और फेसबुक पर नारेबाजी करने वाले बाबूलाल जी देख लें कि गठबंधन की सरकार राज्यहित और राज्य की जनता के लिए काम करती है, अपनी सियासत गर्म करने के लिए नहीं।” उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को जनता के मुद्दों से ज्यादा सोशल मीडिया की सुर्खियों की चिंता रहती है, जबकि हेमंत सोरेन सरकार जनहित में ठोस निर्णय लेकर जनता का विश्वास जीत रही है।

 

आलोक कुमार दुबे ने कहा कि झारखंड में गठबंधन सरकार जन-कल्याणकारी सोच और संवेदनशील शासन की मिसाल पेश कर रही है। समय पर वेतन, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन से जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!