Ranchi: डीएवी सरला स्कूल तुपुदाना में दीपोत्सव का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रांगण में दीपों की ज्योति, रंगोली और फूलों की मनमोहक सजावट से वातावरण उल्लासमय बन गया। छोटे-छोटे बच्चों ने शिक्षकों के साथ मिलकर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और दीपोत्सव के इस पावन पर्व को खुशी और उमंग के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने दीप जलाए, रंगोली बनाई और दीपावली से जुड़े गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा परिसर आनंद और उल्लास से भर उठा।
वहीं इस मौके पर स्कूल के डायरेक्टर मेहुल दूबे ने कहा कि, दीपोत्सव का पर्व अहंकार पर प्रकाश, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का भी संदेश देती है।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर मेहुल दूबे, शिक्षिकाएं आरती मिंज, मेघा बाखला और महिमा सिंह ने सभी बच्चों के बीच मिठाइयाँ, दीपक एवं उपहार वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय परिवार ने सभी को सुरक्षित, स्वच्छ और खुशियों से भरी दीपावली मनाने की अपील की।
