Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के युवाओं की आवाज है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर टिप्पणी करने वाले भाजपा नेताओं को पहले अपने नेताओं की कार्यशैली और नीतियों पर विचार करना चाहिए। आज देश के युवाओं की हालत खराब है, बेरोजगारी बढ़ रही है ,गरीबी में बढ़ोतरी हुई है और सामाजिक ताना-बाना को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का ‘स्वदेशी संकल्प अभियान’ महज़ एक सियासी पाखंड और चुनावी जुमला है। जिन लोगों ने दशकों तक देश की संपत्तियों को विदेशी कंपनियों के हाथों बेचा और देश की अर्थव्यवस्था को ‘मित्र पूंजीपतियों’ के हवाले किया, उनका स्वदेशी की बात करना हास्यास्पद है।
मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बीजेपी नेता अरुण सिंह का आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत का दावा सिर्फ कागजों पर है। सच्चाई यह है कि देश में बेरोजगारी चरम पर है और छोटे एवं मध्यम उद्योग बंद हो रहे हैं, जो असली स्वदेशी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी का झारखंड में स्वदेशी उत्पाद को बढ़ावा देने का दावा तब तक खोखला है जब तक उनकी केंद्र सरकार यहां के स्थानीय उद्योगों और आदिवासी हस्तशिल्प को सरकारी संरक्षण नहीं देती। केवल भाषणों से स्वदेशी को बल नहीं मिलता।
मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बीजेपी के लोग बात करते हैं ‘आत्मनिर्भर भारत’ की, लेकिन आज भी देश का एक बड़ा वर्ग महंगाई और गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है। क्या यही है ‘विकसित भारत’ का संकल्प?
मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनने का ढोल पीटने के बजाय, बीजेपी को यह बताना चाहिए कि देश के आम नागरिक की क्रय शक्ति क्यों घट गई है? स्वदेशी अभियान तभी सफल होगा जब हर नागरिक आर्थिक रूप से सक्षम होगा।
उन्होंने कहा कि यह बयान बीजेपी के स्वदेशी अभियान को चुनावी हथकंडा बताते हुए, आर्थिक विरोधाभासों और जमीनी हकीकत पर सवाल उठाता है।
