Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बीजेपी नेताओं और सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों और ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और आधारहीन करार दिया।
लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि निशिकांत दुबे को हर छोटी-बड़ी बात पर कांग्रेस और गांधी परिवार का नाम लेने की आदत पड़ चुकी है। जब भी राज्य या केंद्र सरकार के सामने कोई वास्तविक मुद्दा आता है, तो बीजेपी नेताओं और सांसद निशिकांत दुबे तुरंत ध्यान भटकाने के लिए रॉबर्ट वाड्रा जी का नाम ले आते हैं। ये पूरा मामला एक कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है, और रॉबर्ट वाड्रा हमेशा जांच में सहयोग करते रहे हैं। सत्य अंतिम रूप से न्यायपालिका में ही सामने आता है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब एक सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। बीजेपी नेताओं को लगता है कि बार-बार एक ही झूठी स्क्रिप्ट दोहराने से वह सच बन जाएगी। कांग्रेस और करप्शन का चोली-दामन का साथ है,यह जुमला बासी हो चुका है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता किसी भी जांच से डरने वाले नहीं हैं। हम जांच एजेंसियों का सम्मान करते हैं, बशर्ते वे राजनीतिक टूल न बनें। लेकिन बीजेपी अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी जी देश के वास्तविक मुद्दो जैसे महंगाई, बेरोजगारी और लोकतंत्र पर हमले—को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। देश में चल रहे वास्तविक घोटालों पर तो बीजेपी के शीर्ष नेता चुप्पी साधे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करती है, और यदि किसी व्यक्ति पर आरोप लगते हैं, तो कानून को अपना काम करना चाहिए। निशिकांत दुबे को अपनी निजी खुन्नस को राजनीति का मुद्दा बनाना बंद कर देना चाहिए।
