Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा द्वारा शिक्षा विभाग पर लगाए गए आरोपों को “भ्रम फैलाने की राजनीतिक कोशिश” बताते हुए तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि रघुवर दास की सरकार ने जैक बोर्ड का 250 करोड़ रुपये जबरन क्यों और किस आधार पर ले लिया था?

 

आलोक दूबे ने कहा कि जिस पार्टी के शासन में शिक्षा व्यवस्था से लेकर बोर्ड के बजट तक की लूट हुई हो, वह आज नैतिकता का उपदेश दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सावन के अंधे को सब हरा ही नज़र आता है।” भाजपा अब हर जगह भ्रष्टाचार देखने का ढोंग कर रही है, जबकि उसके अपने शासनकाल के काले तथ्य आज भी लोगों की याद में ताज़ा हैं।

 

उन्होंने कहा कि आज भाजपा जिस मुद्दे को उछाल रही है, उसकी जांच के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन भाजपा को चाहिए कि वह पहले अपने शासनकाल के वित्तीय दुरुपयोग, जैक बोर्ड के बजट की बंदरबांट और शिक्षा विभाग में हुए वास्तविक भ्रष्टाचार का हिसाब जनता को दे।

 

आलोक दुबे ने कहा कि जनता सब जानती है और भाजपा का दोहरा चरित्र किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि भाजपा सिर्फ अफवाह फैलाने और राजनीतिक रोटी सेंकने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!