Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के ख़िलाफ़ जारी की गई अपील को झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति करार दिया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की यह अपील हताशा में दिया गया बयान है और यह दर्शाता है कि बीजेपी राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की सफलता से कितनी भयभीत है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को शायद यह अंदाज़ा नहीं है कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम दिखावा नहीं, बल्कि जमीनी हक़ीक़त है। यह कार्यक्रम लाखों लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर तक पहुँचा रहा है। अगर यह नौटंकी होती, तो यह इतनी सफल नहीं होती और लोग हर शिविर में इतनी बड़ी संख्या में नहीं पहुंचते।
ये वही बाबूलाल मरांडी हैं जिनकी अपनी पार्टी (बीजेपी) पिछले दस साल से केंद्र में बैठी है और कई राज्यों में उनकी सरकार है। अपराध की दर की तुलना करने से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। हमारी सरकार अपराध नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है और तुलनात्मक रूप से बेहतर काम कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को याद दिलाना चाहूंगा कि पिछली बीजेपी सरकार के कार्यकाल में जेपीएससी और जेएसएससी किस तरह विवादों और घोटालों का शिकार होते रहे थे। सरकार लगातार नियुक्तियों के लिए गंभीर प्रयास कर रही है और नियोजन नीति में स्थानीय हितों को प्राथमिकता दे रही है। कोर्ट में मामले बीजेपी के ही लोगों द्वारा अटकाए गए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि गरीब से गरीब को भी बेहतरीन इलाज मिले, जिसके लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। श्री शाहदेव ने कहा कि सेवा अधिकार सप्ताह पूरी तरह से जनता के हित में है, और सफल होगा ।
