Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा सांसद आदित्य साहू के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे अब मनगढ़ंत कहानियों और फर्जी दावों का सहारा ले रहे हैं। भाजपा नेता अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए मानवीय और संवेदनशील मुद्दे का भी राजनीतिकरण कर रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेता जिस भ्रष्टाचार और प्रताड़ना की बात कर रहे हैं, वो दरअसल भाजपा का चरित्र रहा है। वर्तमान राज्य सरकार में लोकतंत्र पूरी तरह सुरक्षित है और हर नागरिक को अपनी बात रखने की आजादी है। उन्होंने कहा कि आदित्य साहू केरेडारी मामले में तिल का ताड़ बना रहे है। अगर कहीं कोई शिकायत है, तो प्रशासन उसकी जांच कर रहा है। लेकिन फोन पर धमकी और प्रताड़ना जैसी बातें सिर्फ भाजपाई स्क्रिप्ट का हिस्सा हैं ताकि विकास से ध्यान भटकाया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों से घबराई भाजपा मंत्री इरफान अंसारी और विभाग पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। जबकि सच्चाई ये है कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के नेतृत्व में झारखंड का स्वास्थ्य ढांचा पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। रिम्स से लेकर जिला अस्पतालों तक में सुधार दिख रहा है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा ने जब भी संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है तो मुंह की खाई। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन की सरकार हेमंत सोरेन के नेतृत्व में है, यहां न तो किसी निर्दोष को फंसाया जाता है और न ही किसी भ्रष्टाचारी को बख्शा जाता है। इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से अपना काम बखूबी किया जा रहा है।
