Ranchi:प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक और व्यापक आयोजन की सफलता पर राज्य के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों व पदाधिकारियों, ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत स्तर के अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कांग्रेस संगठन की मजबूती, एकजुटता और जनसंघर्ष के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे एवं मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में तथा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पहली बार राज्य की 4365 ग्राम पंचायतों के अध्यक्ष एवं उनकी 12 सदस्यीय कमेटियों तथा 1051 वार्ड अध्यक्षों और उनकी 12 सदस्यीय कमेटियों के आवासों पर कांग्रेस का झंडा फहराया गया।

उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक अभियान के तहत पूरे राज्य में लगभग 80 हजार झंडोत्तोलन केवल कांग्रेस के चयनित पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के आवासों पर किए गए, जो संगठन के जमीनी विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि कांग्रेस के निरंतर संघर्ष, जनसेवा और संगठनात्मक विस्तार की यात्रा का मजबूत पड़ाव है। कांग्रेस का यह सफर आगे भी पूरी मजबूती और जनसमर्थन के साथ जारी रहेगा, और आने वाले समय में पार्टी जनहित के मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाएगी।
