Ranchi :झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने चाईबासा के सारंडा जंगलों में 1 करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा समेत 15 माओवादियों के खात्मे पर पुलिस टीम को बधाई दी है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने इस अभियान को राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षाबलों के पराक्रम की जीत बताया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जिस तरह से इस अभियान को अंजाम दिया, वह उनके साहस, शौर्य और कर्तव्य निष्ठा का बेजोड़ उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने जवानों की हौसला अफजाई करनी चाहिए। यह जीत झारखंड को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जोर दिया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की प्राथमिकता शुरू से ही राज्य को उग्रवाद मुक्त बनाने की रही है और यह सफल अभियान उसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने भाजपा नेताओं के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी बड़ी सफलता पर भी भाजपा राजनीति कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष ने इस सफलता को केंद्र और राज्य के बीच बांटने की कोशिश की। उन्होंने केंद्र की तो सराहना की, लेकिन झारखंड पुलिस और राज्य सरकार के योगदान को नजरअंदाज कर दिया। भाजपा को केवल राज्य सरकार की आलोचना करने का बहाना चाहिए। सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में श्रेय को बांटना जवानों के मनोबल को गिराने जैसा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!