Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के पदभार ग्रहण पर शुभकामनाएं दी। लेकिन उनके दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा राज्य में डबल इंजन की बात कर जनता को फिर से छलने का प्रयास कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू जिस डबल इंजन सरकार का सपना देख रहे हैं, उसे झारखंड की जनता 2019 में ही पटरी से उतार चुकी है। डबल इंजन का मतलब भाजपा के लिए केवल जल, जंगल और जमीन की लूट रहा है। जनता ने इनके कुशासन को देखा है और दोबारा उस दौर में लौटने का सवाल ही पैदा नहीं होता।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के शक्ति प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा केवल इवेंट मैनेजमेंट तक सीमित है, जबकि कांग्रेस और वर्तमान गठबंधन सरकार धरातल पर काम कर रही है। भाजपा के पास न कोई नीति है और न ही राज्य के विकास का कोई विजन।

उन्होंने कहा कि भाजपा खुद को झारखंड का निर्माता बताती है, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस के सहयोग के बिना राज्य सभा से अलग राज्य का प्रस्ताव कभी पारित नहीं होता ।बीजेपी ने 20 वर्षों तक राज्य को पिछड़ा बनाए रखा। आज जब गठबंधन की सरकार में राज्य का सर्वांगीण विकास हो रहा है, तो भाजपा नेता बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

आदित्य साहू के बूथ से प्रदेश तक मजबूती के दावे पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के अंदरूनी कलह और गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। इनके कई दिग्गज नेता खुद अपनी जमीन खो चुके हैं। आगामी चुनावों में जनता इन्हें बूथ स्तर पर ही जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!