Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा धान खरीद पर दिए गए बयान को तथ्यहीन और भ्रामक बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी राज्य के किसानों को डराने और झूठ परोसने का काम कर रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को यह याद रखना चाहिए कि भाजपा शासित राज्यों में किसान एमएसपी के लिए तरस रहे हैं, जबकि झारखंड में महागठबंधन सरकार किसानों को प्रति क्विंटल 2,450 का भुगतान कर रही है। कांग्रेस ने अपने वादे के अनुरूप बोनस और खरीद प्रक्रिया को सरल बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में किसानों को धान खरीद के एवज में पूरी राशि कई महीने बाद दो-तीन किश्तों में की जाती थी, लेकिन राज्य सरकार में किसानों को अब हाथों-हाथ एकमुश्त राशि का भुगतान किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि धान खरीद एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है जो 31 मार्च तक चलती है। लेकिन पिछले वर्षों का यह अनुभव रहा है कि धान खरीद की अवधि 15 अप्रैल तक बढ़ाई जाती है। वहीं फरवरी की शुरुआत में ही पूरे सीजन के लक्ष्य की समीक्षा करना उनकी प्रशासनिक अज्ञानता को दर्शाता है। किसानों का पंजीकरण बढ़ा है, यह सरकार के प्रति उनके भरोसे का प्रतीक है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिचौलियों और दलालों का नेटवर्क तो भाजपा की डबल इंजन सरकार की देन थी। हमारी सरकार ने डीबीटी के माध्यम से सीधा पैसा किसानों के खाते में भेजने की व्यवस्था की है। बाबूलाल मरांडी जिस फर्जी डाटा की बात कर रहे हैं, वह दरअसल बीजेपी शासन काल की भ्रष्टाचार की यादें हैं।

मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने सवाल किया कि बाबूलाल मरांडी ने कभी केंद्र सरकार से यह मांग क्यों नहीं की कि झारखंड के किसानों के लिए विशेष बोनस दिया जाए? उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समय पर एमएसपी का हिस्सा नहीं देती, फिर भी राज्य सरकार अपने संसाधनों से किसानों को भुगतान सुनिश्चित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!