Ranchi: झारखंड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी के पास अब राज्य में कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू का यह कहना कि सरकार पिछले 6 वर्षों से धोखा दे रही है, हास्यास्पद है। भाजपा को शायद यह याद नहीं कि राज्य की जनता ने उनके कुशासन को उखाड़ फेंका था और वर्तमान गठबंधन सरकार जनता के आशीर्वाद से चल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की बात न ही करे तो बेहतर है। हेमंत सरकार ने किसानों की ऋण माफी से लेकर धान खरीद के लिए ठोस कदम उठाए हैं। बिचौलियों का अंत भाजपा के दौर में था, आज किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदिवासी जमीन की लूट का इतिहास भाजपा के शासनकाल में सीएनटी- एसपीटी एक्ट में छेड़छाड़ की कोशिश से जुड़ा है। हेमंत सरकार ने आदिवासियों के हक-अधिकार और सरना धर्म कोड जैसे मुद्दों को उठाकर उनकी पहचान को सुरक्षित किया है।
उद्योगपतियों और व्यापारियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि झारखंड में निवेश का माहौल बना है और अपराधी सलाखों के पीछे हैं। भाजपा केवल भय का माहौल पैदा कर जनता को डराना चाहती है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने केंद्रीय बजट को झुनझुना बताते हुए कहा कि झारखंड को केंद्र से उसका वाजिब हक 1.36 लाख करोड़ का बकाया आज तक नहीं मिला। भाजपा सांसद राज्य के हक के लिए आवाज उठाने के बजाय केवल भाषणबाजी में व्यस्त हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू को जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। निकाय चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, जनता भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे को पहचान चुकी है और फिर से उन्हें करारा जवाब देगी।
