रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा की ओर से चुनाव आयोग में दर्ज कराई गई शिकायत पर कहा कि बीजेपी का यह कदम उनकी महिला विरोधी सोच को दर्शाता है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा शुरू से ही मइयां सम्मान योजना और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की योजनाओं को रोकने का प्रयास कर रही है। जब सरकार महिलाओं को बिना गारंटी ऋण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना चाहती है, तो भाजपा के पेट में दर्द होने लगता है।

उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए हताश है। अखबारों में छपी खबरें सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का हिस्सा होती हैं, जिसे भाजपा प्रलोभन बताकर राज्य की माताओं- बहनों का अपमान कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह छोटी-छोटी बातों को लेकर चुनाव आयोग की शरण में जा रही है। आचार संहिता का उल्लंघन वहां होता है जहां कोई नई घोषणा की जाए, जबकि महिला सशक्तीकरण सरकार का निरंतर चलने वाला संकल्प है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से बचने का प्रयास किया और अब जब सरकार जनहित में कदम उठा रही है, तो वे अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह सिर्फ अधिकारियों को डराने और विकास कार्यों को बाधित करने की एक सोची-समझी साजिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!