BJP 100 करोड़ के खर्च पर विलाप कर रही है,लेकिन PM के लिए बन रहे हजारों करोड़ के सेंट्रल विस्टा विमानों पर चुप्पी क्यों साधे रखी
Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के आरोपों को निराधार, भ्रामक और जनता का ध्यान भटकाने वाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को वापस पाने के लिए अब झूठ की फैक्ट्री बन गई है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि एक सरकारी संस्थान है। जो आवास बन रहा है, वह भविष्य की जरूरतों और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। भाजपा जिस शीश महल की बात कर रही है, वह दरअसल राज्य की गरिमा और प्रशासनिक आवश्यकता का हिस्सा है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने सवाल किया कि जो भाजपा आज 100 करोड़ के खर्च पर विलाप कर रही है, उसने प्रधानमंत्री के लिए बन रहे हजारों करोड़ के सेंट्रल विस्टा और आलीशान विमानों पर चुप्पी क्यों साधे रखी? झारखंड में भाजपा के शासनकाल के दौरान हाथी उड़ाने और मोमेंटम झारखंड के नाम पर जो करोड़ों की लूट हुई, क्या प्रतुल शाहदेव उसे भूल गए हैं?
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि हमारी सरकार अबुआ आवास योजना के जरिए लाखों गरीबों को पक्का मकान दे रही है। सर्वजन पेंशन और मंईयां सम्मान योजना से जनता के चेहरे पर मुस्कान आई है। भाजपा को डर है कि अगर गरीब सशक्त हो गया, तो उनकी नफरत की राजनीति बंद हो जाएगी। इसीलिए वे विकास कार्यों को फिजूलखर्ची का रंग दे रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कैबिनेट के फैसलों में पूरी पारदर्शिता है। भाजपा के पास कोई विजन नहीं बचा है, इसलिए वे फव्वारे और गार्डन की मनगढ़ंत कीमतें बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। राज्य की जनता जानती है कि हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में यह सरकार जल-जंगल-जमीन और आदिवासियों के हक की रक्षा कर रही है।
