Ranchi:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर कीमतों में बढ़ोतरी को आम जनता की जेब पर डाका करार दिया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने इसे आर्थिक शोषण बताते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार आम आदमी की रसोई पर सीधा प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, वहीं दूसरी ओर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दाम बढ़ाकर सरकार ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है।

हमारी यह मांग है कि बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने चेतावनी दी कि यदि कीमतें कम नहीं हुईं, तो कांग्रेस जनता को इस अन्याय के खिलाफ गोलबंद करेगी।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उज्ज्वला योजन के तहत बांटे गए सिलेंडर अब केवल घरों के कोनों में शोपीस बनकर रह गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं फिर से लकड़ी और उपले पर खाना बनाने को मजबूर हैं क्योंकि वे 1000 से अधिक का सिलेंडर रिफिल नहीं करा सकतीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम जनता से पैसे वसूलकर अपने चंद पूंजीपति मित्रों की झोली भर रही है। कुछ दिन पहले तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम रहने के बावजूद गैस की कीमतें बढ़ना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह वृद्धि सीधे तौर पर देश की गृहणियों के बजट को बिगाड़ती है। भाजपा नारी शक्ति की बात करती है, लेकिन हकीकत में उनकी नीतियों ने महिलाओं का चूल्हा जलाना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस शासन काल में गैस सिलेंडर कीमत चार सौ से नीचे रहने के बावजूद सड़क पर प्रदर्शन करने वाले भाजपा नेता कीमत एक हजार के पास पहुंच जाने पर भी चुप्पी साधे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!