Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बीजेपी का संवैधानिक संस्थाओं के प्रति प्रेम केवल एक राजनीतिक ढोंग है। जो दल केंद्र में बैठकर देश की हर बड़ी लोकतांत्रिक संस्था को अपनी कठपुतली बना चुका है, उसे झारखंड की गठबंधन सरकार को नसीहत देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार संवैधानिक संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नियुक्तियों में देरी का कारण षड्यंत्र नहीं, बल्कि पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य चयन सुनिश्चित करना है। भाजपा की तरह हम आनन-फानन में अपने पसंदीदा लोगों को पदों पर बैठाकर संस्थाओं की गरिमा धूमिल नहीं करना चाहते।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा ने हमेशा से विकास और प्रशासनिक कार्यों में अड़ंगा लगाने का काम किया है। जब सरकार नियुक्तियों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाती है, तो भाजपा के लोग ही तकनीकी पेच फंसाकर उसे लटकाने की कोशिश करते हैं और फिर बाहर आकर घड़ियाली आंसू बहाते हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड हाई कोर्ट की टिप्पणियों का सरकार पूरी श्रद्धा के साथ सम्मान करती है। न्यायालय के निर्देशों के आलोक में चयन समितियों की बैठकें और अन्य प्रक्रियाएं पाइपलाइन में हैं। बहुत जल्द सभी महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां पूर्ण कर ली जाएंगी।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने प्रतुल शाह देव को चुनौती देते हुए कहा कि वे एक बार केंद्र की अपनी सरकार से भी पूछें कि वहां लोकपाल और अन्य केंद्रीय आयोगों की क्या स्थिति है? वहां जिस तरह से संस्थाओं का राजनीतिकरण हुआ है, वह पूरे देश के सामने है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!