Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने देश में उत्पन्न गैस संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।आलोक दुबे ने कहा कि देश में गैस सिलेंडर की किल्लत हो रही है, लेकिन मोदी सरकार दावा कर रही है कि सब कुछ ठीक है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “मोदी जी पूरी तरह से तैयार हैं, अब तो नालों में पाइप लगाकर भी सप्लाई पूरी कर देंगे। ऑल इज वेल, सब चंगा सी।”
उन्होंने कहा कि देश के 9 राज्यों में कॉमर्शियल गैस की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि वे बढ़ी हुई कीमत देने को भी तैयार हैं, फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल रही है।
आलोक दुबे ने कहा कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण भारत आने वाले LPG शिपमेंट में देरी हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार ने इसके लिए कोई ठोस तैयारी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में भी सरकार सच्चाई छुपाकर सब कुछ सामान्य दिखाने की कोशिश कर रही है। देश की जनता पूछ रही है कि आखिर देश को और कितने संकट में धकेला जाएगा।
