Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा पुलिस के नए वाहनों की खरीद पर उठाए गए सवालों को बेतुका और विकास विरोधी बताया है। झारखंड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने अजय साह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा की मानसिकता हमेशा से पुलिस बल को कमजोर और संसाधन विहीन रखने की रही है, ताकि अपराध पर नियंत्रण न पाया जा सके।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह विडंबना है कि एक तरफ भाजपा पुलिस को आधुनिक बनाने की बात करती है और दूसरी तरफ जब सरकार 600 से अधिक नए वाहन खरीदकर पुलिस की गतिशीलता और रिस्पांस टाइम को बेहतर कर रही है, तो उन्हें इसमें दिखावा नजर आ रहा है। बिना आधुनिक संसाधनों और गाड़ियों के पुलिस अपराधियों का पीछा पैदल करेगी क्या?”

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा को झारखंड की कानून व्यवस्था पर बोलने से पहले उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अपराध आंकड़ों पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार न केवल संसाधनों को बढ़ा रही है, बल्कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। प्रिंस खान जैसे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एटीएस और जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, जिसका परिणाम जल्द ही सबके सामने होगा।

डीजीपी की नियुक्ति और पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का काम केवल संवैधानिक संस्थाओं और शीर्ष पदों पर बैठे अधिकारियों का मनोबल गिराना रह गया है। तबादले और पदस्थापना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिसे भाजपा अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए ढाल बना रही है।

उन्होंने कहा कि जेलों के अंदर सख्ती बढ़ाई गई है और जहां भी गड़बड़ी मिली है, वहां त्वरित कार्रवाई की गई है। कांग्रेस प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि हेमंत सरकार के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार पुलिस को हाई-टेक बना रही है ताकि जनता को त्वरित सुरक्षा मिल सके। भाजपा को नकारात्मक राजनीति छोड़कर सरकार के इस सकारात्मक कदम का स्वागत करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!