Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के बयान को हास्यास्पद और सच्चाई से परे बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब भी केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और संसाधनों की किल्लत पर घिरती है, तो वह वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध का राग अलापने लगती है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि”मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राज्य की जनता की चिंता हैं। अगर वे भविष्य में संभावित ऊर्जा संकट या आपूर्ति को लेकर सजग हैं और केंद्र को आगाह कर रहे हैं, तो इसे भ्रम फैलाना नहीं बल्कि दूरदर्शिता कहते हैं। बाबूलाल मरांडी इसे पैनिक बताकर असल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पश्चिम एशिया के युद्ध का बहाना बनाकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को आम आदमी की पहुंच से बाहर रखने की तैयारी की जा रही है। भाजपा बताए कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं, तब उसका लाभ जनता को क्यों नहीं दिया जाता?
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को कोविड काल याद है, लेकिन वे शायद भूल गए कि उस समय केंद्र सरकार की कुप्रबंधन की वजह से देश ने क्या झेला था। मुख्यमंत्री ने तब भी झारखंड की जनता के हितों की रक्षा की थी और आज भी वे राज्य की सुरक्षा और आपूर्ति को लेकर चिंतित हैं।
