Ranchi:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा रांची की कानून-व्यवस्था पर लगाए गए आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि रांची में वर्तमान वरीय आरक्षी अधीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह सफल रहा है और शहर में आम जनजीवन सामान्य एवं सुचारु रूप से चल रहा है।
आलोक दुबे ने कहा कि राजधानी रांची में सभी पर्व-त्योहार शांति, सौहार्द और भव्यता के साथ मनाए जा रहे हैं, जो प्रशासन की सतर्कता और सक्रियता का प्रमाण है। शहर में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी सकारात्मक माहौल दिखाई देता है। महिलाएं निर्भीक होकर अपने दैनिक कार्य कर रही हैं और छात्राएं देर शाम तक कोचिंग क्लास से आ-जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांके क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई बुजुर्ग राजेंद्र मुंडा की हत्या की घटना दुखद है, कांग्रेस पार्टी घटना की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए अपराधी की अविलम्ब गिरफ्तारी की मांग करती है और पुलिस प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच कर भी रही है। लेकिन किसी एक घटना के आधार पर पूरे शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि जहां तक जमीन कारोबार से जुड़े विवादों की बात है, वह एक अलग प्रकार की समस्या है, जिसे सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था की स्थिति से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। प्रशासन इस तरह के मामलों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को चाहिए कि वे बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएं और समाज में अनावश्यक भय और भ्रम का माहौल पैदा करने से बचें।
